मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना: नेवारी और मोहगांव में 83.30 लाख की सीसी सड़कों का भूमिपूजन, ग्रामीण विकास को मिली नई गति
मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत कवर्धा विधानसभा के ग्राम नेवारी एवं मोहगांव में 83.30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और विकास को मजबूती मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के अंतर्गत कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेवारी एवं मोहगांव में 83 लाख 30 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया। इन दोनों सड़कों के निर्माण हेतु प्रत्येक गांव को 41 लाख 65 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, स्थानीय जनप्रतिनिधि रामकुमार भट्ट, ग्राम पंचायत पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। धार्मिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ और कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की बात कही गई।
पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के प्रयासों से कवर्धा विधानसभा में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने कहा कि सड़कों का यह जाल केवल आवागमन को सुगम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, किसानों को उपज के परिवहन में सुविधा तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन का मार्ग मिलेगा। सड़क, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार गठन के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है।