रायपुर में योगाचार्यों का सम्मान, 100 पौधों के रोपण के साथ योग विस्तार का संकल्प
रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना में योगाचार्यों के सम्मान समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 80 योग प्रशिक्षकों का सम्मान किया गया तथा 100 पौधों का रोपण किया गया। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने प्रत्येक वार्ड में योग गतिविधियों के विस्तार और योग प्रशिक्षकों के पंजीयन की आवश्यकता पर जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारत विकास परिषद मुख्य शाखा रायपुर द्वारा कृष्णा पब्लिक स्कूल, सरोना में योगाचार्यों के सम्मान समारोह एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रायपुर नगर निगम के सभी 90 वार्डों में योग गतिविधियों को संगठित रूप से आगे बढ़ाना, योग प्रशिक्षकों की जिम्मेदारियां तय करना तथा योग के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल शामिल हुए, जबकि भारत विकास परिषद रायपुर मुख्य शाखा के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, गुरुवंदना, गायत्री मंत्र और गीता श्लोक के पाठ के साथ हुई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् की प्रस्तुति दी तथा सूर्य नमस्कार और विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया। योग प्रशिक्षकों ने भी भगवान विष्णु के दशावतार को योग मुद्राओं के माध्यम से प्रस्तुत कर आकर्षक प्रदर्शन किया।
अपने संबोधन में डॉ. राकेश मिश्रा ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी उपाय भी है। उन्होंने विद्यालयों में नियमित योग कक्षाएं संचालित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होगी।
मुख्य अतिथि संजय अग्रवाल ने कहा कि योग आयोग के कार्यों का विस्तार होने से योग गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि रायपुर के प्रत्येक वार्ड में सक्रिय योग प्रशिक्षकों को आवश्यकता के अनुसार मानदेय देने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए योग प्रशिक्षकों का छत्तीसगढ़ योग आयोग में पंजीयन कराया जाएगा और उन्हें पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें औपचारिक पहचान और सम्मान प्राप्त होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि रायपुर नगर निगम के साथ प्रत्येक वार्ड में नियमित योग कक्षाएं शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। यदि विद्यालयों में योग को व्यापक रूप से लागू किया जाता है तो योग प्रशिक्षकों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और योग प्रशिक्षकों ने मिलकर 100 सागौन के पौधों का रोपण किया। इसके साथ ही लगभग 80 योग प्रशिक्षकों को सम्मानित कर स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्चना मिश्रा, एडिशनल प्रिंसिपल शुभम मिश्रा, योग विभाग की प्रभारी सरोज साहू, सत्यभामा शर्मा तथा भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।