चार सवारी और स्टंटबाजी करने वाले युवकों पर कार्रवाई, रायपुर यातायात पुलिस ने काटा ₹4,500 का चालान

रायपुर यातायात पुलिस ने सार्वजनिक सड़क पर एक दोपहिया वाहन पर चार सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत ₹4,500 का चालान किया गया तथा युवकों और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई।

Jul 18, 2026 - 18:37
 0  2
चार सवारी और स्टंटबाजी करने वाले युवकों पर कार्रवाई, रायपुर यातायात पुलिस ने काटा ₹4,500 का चालान

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर रायपुर l 

सार्वजनिक मार्ग पर एक दोपहिया वाहन पर चार सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करने वाले युवकों के विरुद्ध रायपुर यातायात पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। यातायात पुलिस के अनुसार समाचार पत्र में प्रकाशित एक छायाचित्र के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया, जिसके बाद संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर संबंधित युवकों को यातायात कार्यालय बुलाकर पूछताछ एवं सत्यापन किया गया। जांच पूरी होने के बाद उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 3/181, 5/180, 184 एवं 128/194(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 4,500 रुपये का चालान किया गया।

कार्रवाई के दौरान युवकों और उनके अभिभावकों को सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, ओवरलोडिंग तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाले गंभीर सड़क हादसों और संभावित जनहानि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने उन्हें भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही नहीं दोहराने की चेतावनी भी दी।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस तरह का कृत्य दोबारा पाया जाता है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सड़क पर लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा करता है।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं और अभिभावकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने, सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी से बचने तथा जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने का आग्रह किया है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।