रायपुर में पैसों के विवाद में युवक की हत्या, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार
रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में पैसों के विवाद को लेकर 34 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अखतर, रायपुर। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पैसों के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। 27 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे रावतपुरा फेस-02 स्थित साईं मंदिर के पास एक व्यक्ति द्वारा अजय अग्रवाल (34 वर्ष) पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अजय को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान यह महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई कि घायल अवस्था में अजय अग्रवाल ने खुद बताया था कि उस पर हमला करने वाला व्यक्ति डोमेश्वर देवांगन है, जो कंस्ट्रक्शन का काम करता है। इसी आधार पर पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की।
तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने डोमेश्वर देवांगन को महज दो घंटे के भीतर पकड़ लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने मृतक के यहां कंस्ट्रक्शन का कार्य किया था और इसके एवज में वह 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। मृतक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना के दिन आरोपी पैसे लेने के लिए मृतक के घर पहुंचा था, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर वह बाहर इंतजार करने लगा।
कुछ समय बाद जब अजय अग्रवाल घर से बाहर निकला, तो आरोपी ने पहले से रखी सब्जी काटने वाली चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। इस हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ टिकरापारा थाना में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की पहचान डोमेश्वर देवांगन (18 वर्ष), निवासी चांगोरभाठा, थाना डी.डी. नगर, रायपुर के रूप में हुई है।
इस पूरे मामले में टिकरापारा थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह बघेल, डी.डी. नगर थाना प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अतुलेश राय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में कानून का सहारा लें और हिंसा से दूर रहें।