अमृतसर रवाना होने से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित समाजसेवी एवं संस्था के संस्थापक कुबेर राठी के कार्यालय में सभी यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोपहर का भोजन कराया गया। इसके साथ ही लंबी यात्रा के दौरान भोजन की व्यवस्था के लिए सभी सदस्यों को खाद्य पैकेट भी उपलब्ध कराए गए।
यात्रियों के स्वागत के बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज और मंगलकामनाओं के साथ जत्थे को रायपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव ने इस अवसर पर कहा कि यात्रियों का जिस गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया, उससे सभी का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने इस सहयोग के लिए कुबेर राठी के प्रति आभार जताया।
तेलगु वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष टी. गोपी इस पांच दिवसीय यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य अमृतसर पहुंचकर स्वर्ण मंदिर में दर्शन करने के साथ निस्वार्थ सेवा में योगदान देना है। यात्रा में शामिल सदस्य सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ दरबार साहिब में लंगर और अन्य व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं देंगे।
कुबेर राठी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा भाव के साथ धार्मिक यात्रा पर जा रहे 200 सदस्यों का यह प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देगा। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजनों से युवा पीढ़ी को भी सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने भी जत्थे को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायपुर में विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच आपसी सम्मान और भाईचारे की परंपरा रही है। अमृतसर में सेवा के लिए जा रहा यह जत्था इसी भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी, समाजसेवी बसंत अग्रवाल, सब्जी मंडी अध्यक्ष श्रीनिवास रेड्डी, सिक्ख समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और तेलगु समाज के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने यात्रियों की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।