24 घंटे में दो लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-नकदी और हथियार बरामद
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंदिर हसौद क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई दो लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से लूटे गए दो मोबाइल, नकदी, चाकू और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई दो लूट की वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, 520 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल चाकू और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पहली घटना में पीड़ित अमरजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई 2026 की शाम वह अपने साथी के साथ ग्राम सेरीखेड़ी से मुख्य मार्ग की ओर पैदल जा रहे थे। विष्णु नगर स्थित मुर्गी फार्म के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने मोबाइल मांगने के बहाने बातचीत शुरू की और फिर धारदार हथियार दिखाकर डराया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन और पर्स में रखे 1,200 रुपये लूटकर फरार हो गए।
इसी दिन दूसरी घटना में मिथलेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मंदिर हसौद से नवा रायपुर जाने वाले मार्ग पर वाहन रोककर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने चाकू दिखाकर धमकाया और उनका मोबाइल फोन तथा 1,700 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई।
लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने राहुल नेताम, विशेष मंडावी और अमर नेताम को हिरासत में लिया। पूछताछ में पहले आरोपियों ने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन साक्ष्यों के सामने उन्होंने दोनों लूट की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, 520 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त चाकू और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (सीजी 04 क्यूएल 4682) बरामद कर ली। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल नेताम (21 वर्ष), विशेष मंडावी (19 वर्ष) और अमर नेताम (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सेरीखेड़ी के निवासी हैं।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।