स्वच्छ भारत मिशन: मनेंद्रगढ़ के 17 ग्राम पंचायतों में ‘स्वच्छता दीदियों’ से आई नई चमक
मनेंद्रगढ़ में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 17 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन का रूप मिला है। जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम के निर्देशन में ‘स्वच्छता दीदियों’ के प्रयासों से गाँवों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूती मिल रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. प्रदीप पाटकर, MCB। मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छता अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता गतिविधियों को नई गति मिली है। जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम के निर्देशन में विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है।
इन 17 ग्राम पंचायतों में विशेष अभियान
विशेष कार्ययोजना के तहत बौरीडाड, पिपरिया, सालही, डोमनापारा, शकरगढ़, लालपुर, छिपछिपी, अमृतधारा, मुतियारपारा, पाराडोल, बुदेली, सिरियाखोह, चौधडा, चनवारीडाड, लाई, कठौतिया एवं सलका ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों को सुदृढ़ किया गया है।
‘स्वच्छता दीदियों’ की अहम भूमिका
ग्राम स्तर पर कार्यरत स्वच्छता ग्राही दीदियाँ घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रशासन द्वारा उनके कार्यों को प्रोत्साहन और सहयोग दिए जाने से उनके मनोबल में वृद्धि हुई है। इसका सकारात्मक प्रभाव गाँवों की साफ-सफाई और सुंदरता में साफ दिखाई दे रहा है।
सतत विकास की दिशा में पहल
मनेंद्रगढ़ SBM प्रभारी प्रभा प्यासी की टीम द्वारा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता को ग्रामीणों की दिनचर्या और आदत का हिस्सा बनाना है।
इन प्रयासों से मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता की नई अलख जगी है और गाँव अब स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण की ओर निरंतर अग्रसर हैं।