रायपुर निगम जोन 7 में हर शनिवार चलेगा विशेष सफाई अभियान, विकास कार्यों और जलभराव पर बनी रणनीति
रायपुर नगर निगम जोन 7 में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक में हर शनिवार विशेष सफाई अभियान चलाने, जलभराव रोकने, मौसमी बीमारियों से बचाव, विकास कार्यों में तेजी और राजस्व बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम के जोन 7 कार्यालय में जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही की अध्यक्षता में जोन अध्यक्ष, पार्षदों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता, जलभराव, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, विकास कार्यों में तेजी, राजस्व वृद्धि और वेंडिंग जोन के विकास सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, दीपक जायसवाल, पार्षद आनंद अग्रवाल, मीना ठाकुर, रोनिता प्रकाश जगत, दीप मनीराम साहू तथा कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक शनिवार जोन के एक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड से पांच-पांच सफाई कर्मचारियों को शामिल कर कुल 35 कर्मचारियों की विशेष टीम बनाई जाएगी। यह टीम निर्धारित वार्ड में व्यापक सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाएगी।
मानसून को देखते हुए वार्डों में जलभराव की समस्या दूर करने और मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया गया। नागरिकों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने तथा मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। तय समय के बाद भी कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें नगर निगम की काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में शामिल करने पर सहमति बनी। अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी कर समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ शहर अभियान को मजबूत करने के लिए जोन 7 के सभी वार्डों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से प्रतिबंध लागू करने का भी निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सीएंडडी वेस्ट, ग्रीन नेट का उपयोग नहीं करने, सड़क बाधित करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने पर भी सहमति बनी।
राजस्व बढ़ाने के लिए विभिन्न उपायों पर भी चर्चा की गई। सर्वे में चिन्हित स्थानों पर विज्ञापन बोर्ड लगाने, आमानाका वेंडिंग जोन को किसी बड़ी विज्ञापन एजेंसी के माध्यम से विकसित करने तथा जोन के किसी एक वेंडिंग जोन को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद से विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा सभी वार्डों में स्ट्रीट वेंडर्स का सर्वे शीघ्र पूरा कराने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने भी नागरिकों के सहयोग से स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर जोन विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।