रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1008 पौवा अवैध शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर ग्रामीण के थाना खरोरा क्षेत्र में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1008 पौवा अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शराब, नकद राशि और एक स्कूटी जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना खरोरा क्षेत्र से 1008 पौवा अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट रायपुर तथा थाना खरोरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 26 जनवरी 2026 को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सारागांव निवासी हालेश्वर कुमार साहू एवं चन्द्रशेखर साहू अपने चाचा के ब्यारा में भारी मात्रा में अवैध शराब का संग्रह कर बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु थाना खरोरा पुलिस एवं साइबर यूनिट की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
रेड कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को अवैध रूप से शराब रखते एवं बिक्री करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके से विभिन्न बोरियों में रखी गई देशी एवं अंग्रेजी शराब के कुल 1008 पौवा, जिसकी कुल मात्रा 181 लीटर 440 मिलीलीटर है, जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,11,360 रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त शराब बिक्री से प्राप्त 19,100 रुपये नकद भी बरामद किए गए। कुल जप्त मशरूका की कीमत 1,30,460 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ग्राम खरोरा निवासी अजय धीवर द्वारा स्कूटी क्रमांक CG 04 HQ 2794 के माध्यम से अवैध शराब लाकर उन्हें सप्लाई की जाती थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अजय धीवर को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी विधिवत जप्त कर लिया गया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना खरोरा में अपराध क्रमांक 56/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को देते हुए न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में संपन्न हुई।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।