दंतेवाड़ा के बारसूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से दो IED बरामद

दंतेवाड़ा जिले के थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के जंगली पहाड़ी इलाके से सुरक्षाबलों ने माओवादियों द्वारा लगाए गए दो IED बरामद किए हैं। CRPF, बारसूर पुलिस और BDDS टीम की संयुक्त कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

Jan 27, 2026 - 16:58
 0  26
दंतेवाड़ा के बारसूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से दो IED बरामद

UNITED NEWS OF ASIA.कमलेश, दंतेवाड़ा | माओवादियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम गुफा के जंगली एवं पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए हैं। समय रहते विस्फोटकों की पहचान और निष्क्रियता से सुरक्षाबलों के साथ-साथ ग्रामीणों की जान को होने वाली संभावित बड़ी क्षति टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद CRPF की 195वीं बटालियन, बारसूर थाना पुलिस तथा विस्फोटक निरोधक दस्ता (BDDS) की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम गुफा के जंगल-पहाड़ी इलाके में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी की गई और विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया।

जांच के दौरान मौके से माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाए गए दो आईईडी बरामद किए गए। इसके बाद BDDS टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों के तहत दोनों विस्फोटकों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। यदि समय रहते इन आईईडी का पता नहीं चलता, तो किसी भी सर्च ऑपरेशन या आम आवाजाही के दौरान बड़ा हादसा हो सकता था।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि माओवादी इन विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने या क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए कर सकते थे। लेकिन जवानों की सतर्कता और संयुक्त रणनीति के चलते माओवादियों की साजिश नाकाम हो गई।

घटना के बाद आसपास के पूरे इलाके में अतिरिक्त सर्च अभियान चलाया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि क्षेत्र में कोई अन्य विस्फोटक या माओवादी मौजूद न हों। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

सुरक्षाबलों की इस सफल कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों के खिलाफ अभियान लगातार मजबूत और प्रभावी तरीके से चलाया जा रहा है। प्रशासन और सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि माओवादी गतिविधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।