धान खरीदी व्यवस्था चरमराई, किसानों की पीड़ा सुनने पहुँची विधायक अंबिका मरकाम, डोंगरडुला केंद्र में दिखाई सख़्ती

नगरी के डोंगरडुला धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्थाओं से परेशान किसानों की शिकायत पर विधायक अंबिका मरकाम ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए धान खरीदी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

Jan 27, 2026 - 16:39
 0  57
धान खरीदी व्यवस्था चरमराई, किसानों की पीड़ा सुनने पहुँची विधायक अंबिका मरकाम, डोंगरडुला केंद्र में दिखाई सख़्ती

UNITED NEWS OF ASIA.रिजवान मेमन,धमतरी। नगरी विकासखंड के डोंगरडुला धान खरीदी केंद्र में इन दिनों धान खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। अव्यवस्थाओं के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धान बेचने पहुँचे किसानों को न तो समय पर बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा था और न ही खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही थी। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कई किसानों का धान अधिकारियों द्वारा अनावश्यक रूप से रिजेक्ट कर दिया गया, जिससे किसान हताश होकर बिना धान बेचे लौटने को मजबूर हो गए।

किसानों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने धान खरीदी केंद्र डोंगरडुला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक भी बारदाना उपलब्ध नहीं कराया गया, वहीं हमाली कार्य भी पूरी तरह ठप था, जिसके कारण खरीदी प्रभावित हो रही थी।

निरीक्षण के दौरान जब विधायक ने यह पाया कि कई किसानों का धान बिना ठोस कारण के रिजेक्ट किया जा रहा है, तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी नाराज़गी जताई और उन्हें मौके पर ही फटकार लगाई। विधायक अंबिका मरकाम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसानों का धान गुणवत्तापूर्ण है, तो उसे किसी भी स्थिति में खरीदा जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

विधायक के सख़्त निर्देशों के बाद मौके पर ही धान खरीदी शुरू कराई गई, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्र की सम्पूर्ण व्यवस्था तत्काल सुधारने, समय पर बारदाना उपलब्ध कराने, हमाली कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने तथा किसानों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि किसान प्रदेश की रीढ़ हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी और किसानों के हित में हो।

विधायक के इस त्वरित हस्तक्षेप से किसानों में संतोष देखने को मिला। किसानों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विधायक अंबिका मरकाम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरीक्षण से ही धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार संभव हो सका।