गांजा प्रकरण का फरार आरोपी हिस्ट्रीशीटर उदय जैन गिरफ्तार

टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने गांजा प्रकरण में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर उदय जैन को उड़ीसा से गिरफ्तार किया। मामले में पहले ही 23 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Nov 17, 2025 - 17:55
 0  16
गांजा प्रकरण का फरार आरोपी हिस्ट्रीशीटर उदय जैन गिरफ्तार

  UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर,  रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में दर्ज मादक पदार्थ के एक मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर उदय जैन को पुलिस ने उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी।

गौरतलब है कि 5 नवंबर 2025 को पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में कार्रवाई कर चार आरोपियों—प्रतीक शर्मा, मोहम्मद शमीम, शेख सारुख और पलक नागवानी—को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 23.014 किलोग्राम मादक पदार्थ तथा एक बाइक सहित कुल लगभग 3.80 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया था। इस मामले में उदय जैन का नाम सामने आने के बाद से वह फरार था।

पुलिस ने पूछताछ और मुखबिर सूचना के आधार पर उदय जैन की लोकेशन का पता लगाया और उसे उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनके मामले से जुड़ा होना माना जा रहा है।

उदय जैन थाना खमतराई का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध दो दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूर्व में उसके विरुद्ध जिला बदर, एनएसए और PIT NDPS की कार्रवाई भी की जा चुकी है।

पुलिस टीम में निरीक्षक विनय सिंह बघेल, निरीक्षक परेश पांडे, सतीश पुरिया, कुलदीप द्विवेदी, बसंती मौर्य, अविनाश देवांगन सहित कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।