रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दिए 10 लाख रुपये
रायपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों से न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया तथा अधिवक्ता संघ की सुविधाओं के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नवगठित कार्यकारिणी ने पद एवं दायित्व की शपथ ली। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित न्यायपालिका, बार काउंसिल और अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवांगन और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश और अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। यदि दोनों समन्वय और विश्वास के साथ कार्य करेंगे तो न्याय व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनता का सबसे अधिक भरोसा न्यायपालिका पर है और इस विश्वास को बनाए रखना न्याय व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राजनीति और लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून और संविधान की समझ रखने वाले लोगों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले संसद और विधानसभाओं में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और विधि विशेषज्ञ जनप्रतिनिधि होते थे, लेकिन समय के साथ उनकी संख्या कम हुई है। उन्होंने कहा कि संविधान और कानून की जानकारी रखने वाले लोगों को सार्वजनिक जीवन और राजनीति में आगे आना चाहिए।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने छात्र जीवन और न्यायालय से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक न्यायालय से जुड़े रहने के कारण वे अधिवक्ताओं की आवश्यकताओं और चुनौतियों से भली-भांति परिचित हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिवक्ता संघ की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
सांसद ने अधिवक्ता संघ से गरीब और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूत करने का भी आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और भूमि विवादों से जुड़े मामलों में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उचित कानूनी मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया, जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम वर्मा, महापौर मीनल चौबे, स्टेट बार काउंसिल के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया और अधिवक्ता संघ के कैलेंडर का विमोचन भी किया। समारोह का समापन नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाओं के साथ हुआ।