रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 20 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर साइबर और क्राइम ब्रांच ने मुंबई और ओडिशा तक फैले ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लाखों की संपत्ति और उपकरण जब्त किए गए।

Apr 15, 2026 - 18:42
 0  4
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 20 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर l  आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले बड़े गिरोह पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई और ओडिशा तक दबिश दी और कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीन बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की निगरानी में की गई। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि शहर के बड़े सट्टा संचालक अलग-अलग राज्यों में रहकर ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए सट्टा चला रहे हैं। 13 अप्रैल को गंज थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सूचना मिली, जो रेलवे स्टेशन के पास वाहन में बैठकर मोबाइल के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टा संचालित कर रहा था।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी मनदीप सिंह को पकड़ा। उसके मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन की पुष्टि हुई। पूछताछ में उसने अपने नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना में रेड कार्रवाई की।

मुंबई में की गई छापेमारी में हर्ष नागदेव सहित 9 आरोपी पकड़े गए, जो “बजरंग ग्रुप” एप के जरिए सट्टा चला रहे थे। वहीं ओडिशा के भवानीपटना में रेड कर खुमान साहू समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो “रेड्डी बुक” पैनल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

इसके साथ ही दुर्ग में भी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो इस नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लैपटॉप, 87 मोबाइल फोन, 72 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 3 एलईडी, 3 वाईफाई राउटर, 3 चेकबुक, 1 पासबुक, एक कार और करीब 1.95 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले एक साल से ऑनलाइन बेटिंग का संचालन कर रहे थे और पैसे के लेन-देन के लिए “म्यूल खातों” का उपयोग कर रहे थे। ये खाते किराये पर लिए गए थे, जिनके धारकों की पहचान कर आगे कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही बैंक खातों की जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन के संकेत मिले हैं, जिसकी वित्तीय जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और इस तरह के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे ऑनलाइन सट्टा गिरोहों पर बड़ा प्रहार हुआ है।