विधायक पुरंदर मिश्रा के आग्रह पर मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए ₹1 करोड़
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा के आग्रह पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऐतिहासिक टाउन हॉल और शहीद स्मारक के सुसज्जीकरण के लिए कुल ₹1 करोड़ की घोषणा की। स्वतंत्रता दिवस पर टाउन हॉल में ‘आजादी का गौरव’ छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में आयोजित ‘आजादी का गौरव’ छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने किया। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, वीर शहीदों के त्याग और राष्ट्र निर्माण की यात्रा से जुड़े छायाचित्र प्रदर्शित किए गए।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने ऐतिहासिक टाउन हॉल और शहीद स्मारक के सुसज्जीकरण एवं संरक्षण का विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने टाउन हॉल के लिए ₹50 लाख और शहीद स्मारक के लिए ₹50 लाख, कुल ₹1 करोड़ की राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि टाउन हॉल रायपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह भवन लंबे समय से शहर के सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक जीवन का साक्षी रहा है। टाउन हॉल को ‘Victoria Jubilee Town Hall’ के नाम से भी जाना जाता था और इसका उद्घाटन 12 अप्रैल 1890 को तत्कालीन छत्तीसगढ़ डिवीजन के कमिश्नर ए.एच.एल. फ्रेजर एस्क्वायर ने किया था।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण केवल भवनों को सुरक्षित रखना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और गौरव से जोड़ना भी है। इसी तरह शहीद स्मारक उन वीर सपूतों की स्मृतियों का प्रतीक है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
विधायक के आग्रह और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टाउन हॉल और शहीद स्मारक के सुसज्जीकरण के लिए कुल ₹1 करोड़ की घोषणा की। इसमें दोनों ऐतिहासिक स्थलों के लिए ₹50-50 लाख की राशि शामिल है।
घोषणा का उपस्थित नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया। प्रस्तावित राशि से टाउन हॉल के संरक्षण, साज-सज्जा और सुविधाओं के उन्नयन के साथ शहीद स्मारक को भी अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि विकास का अर्थ केवल नए निर्माण करना नहीं है, बल्कि पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ‘आजादी का गौरव’ जैसी छायाचित्र प्रदर्शनियां युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण के इतिहास से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि टाउन हॉल की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसका सुसज्जीकरण किया जाएगा। इससे भविष्य में यह स्थल रायपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए और महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।
पुरंदर मिश्रा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विरासत के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि टाउन हॉल और शहीद स्मारक का संरक्षण रायपुर के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।