14 करोड़ की लागत से संवरा सरोना रेलवे स्टेशन, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल लोकार्पण

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सरोना रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी इस योजना के तहत लोकार्पित किए जाएंगे।

Jul 17, 2026 - 12:49
 0  2
14 करोड़ की लागत से संवरा सरोना रेलवे स्टेशन, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे वर्चुअल लोकार्पण

UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहने वाला है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित सरोना रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।

सरोना रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर यात्री अनुभव को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। नए स्वरूप में स्टेशन पर 95 वर्गमीटर का कॉनकोर्स भवन, लगभग 2000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, सात प्लेटफॉर्म शेल्टर और लगभग 2800 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म का उन्नयन किया गया है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर दो लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही स्टेशन परिसर को छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले आकर्षक स्वरूप में सजाया गया है, जिससे स्टेशन को स्थानीय पहचान भी मिली है।

सरोना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की एक विशेषता पर्यावरण संरक्षण भी है। निर्माण कार्य के दौरान छह से अधिक पुराने पेड़ों को सुरक्षित रखा गया है। इनमें एक बड़ा पेड़ प्लेटफॉर्म के बीच स्थित है, जिसे हटाने के बजाय संरक्षित रखते हुए स्टेशन की डिजाइन तैयार की गई है। इसके अलावा परिसर में मौजूद अन्य बड़े पेड़ों को भी सुरक्षित रखा गया है, जिससे विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमृत भारत स्टेशन योजना को भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाया जा रहा है, जिसका लाभ सीधे आम नागरिकों को मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक बुनियादी ढांचे की ओर बढ़ रही है और यह विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला कदम है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना, स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना और परिवहन व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाना भी है। सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण के साथ छत्तीसगढ़ की रेल अधोसंरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।