प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली भानुराम पटेल के परिवार की जिंदगी, कच्चे घर से मिला पक्के आशियाने का सुख
कबीरधाम जिले के भानुराम पटेल का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पूरा हुआ। कच्चे मकान में रहने की मजबूरी खत्म होने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। आवास के साथ शौचालय, नल जल, बिजली, उज्ज्वला गैस और मनरेगा जैसी योजनाओं का लाभ भी परिवार को मिला है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) देश के लाखों जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा की नई किरण बनकर सामने आई है। कबीरधाम जिले के भानुराम पटेल का परिवार भी उन परिवारों में शामिल है, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना इस योजना के माध्यम से साकार हुआ। कभी कच्चे मकान में रहने को मजबूर यह परिवार आज सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन जी रहा है।
भानुराम पटेल बताते हैं कि उनका परिवार खेती और मेहनत-मजदूरी के सहारे जीवनयापन करता है। सीमित आय के कारण परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करना ही चुनौती था। ऐसे में अपने संसाधनों से पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। परिवार का गुजारा एक कच्चे मकान में होता था, जहां हर मौसम नई परेशानियां लेकर आता था।
बरसात के दिनों में घर की छत से पानी टपकता था और कई बार घर के अंदर पानी भर जाता था। दीवारों में सीलन रहती थी, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता था। तेज बारिश और आंधी के दौरान परिवार को हर समय मकान गिरने का डर सताता रहता था। गर्मी और सर्दी के मौसम में भी कच्चा मकान पर्याप्त सुरक्षा और सुविधा नहीं दे पाता था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत भानुराम पटेल का आवास स्वीकृत होने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। शासन से मिली आर्थिक सहायता और अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने पक्का मकान तैयार किया। अब पूरा परिवार मजबूत और सुरक्षित घर में रह रहा है। बारिश, गर्मी और सर्दी की परेशानियां पहले की तुलना में काफी कम हो गई हैं और परिवार को सुरक्षित वातावरण मिला है।
भानुराम पटेल का कहना है कि पक्का मकान मिलने से केवल रहने की सुविधा ही नहीं बढ़ी, बल्कि पूरे परिवार का आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान भी बढ़ा है। अब उनके बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल रहा है और परिवार भविष्य को लेकर अधिक आशावान है। सुरक्षित आवास मिलने से जीवन की कई चिंताएं स्वतः समाप्त हो गई हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिला। मनरेगा के माध्यम से रोजगार और मजदूरी का अवसर मिला, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर में शौचालय का निर्माण हुआ। उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन मिलने से धुएं से मुक्ति मिली और जल जीवन मिशन के तहत नल से शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हुई। इसके अलावा बिजली जैसी मूलभूत सुविधा मिलने से परिवार का दैनिक जीवन और अधिक सुगम हो गया।
भानुराम पटेल का मानना है कि इन योजनाओं के समन्वित लाभ से उनके परिवार के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। पहले जहां मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ता था, वहीं अब परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में जीवन बिता रहा है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे प्रयास गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आए हैं।
कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अनेक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह योजना केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों को बेहतर जीवन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। भानुराम पटेल की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव ला सकता है।