एनएच-343 निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 में भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

May 27, 2026 - 18:27
 0  75
एनएच-343 निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर l रामानुजगंज। बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और घटिया गुणवत्ता को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन का नेतृत्व एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव एवं नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नेता प्रतिपक्ष Prateek Singh ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। सड़क निर्माण में मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण और डामरीकरण का कार्य बेहद निम्न स्तर का किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रतीक सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा नियमों के विरुद्ध जाकर निर्माण कार्य को पेटी कॉन्ट्रैक्ट में दे दिया गया है। स्थानीय स्तर पर बिना तकनीकी मानकों और उचित निगरानी के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं की जा रही और कई जगहों पर बिना उचित कम्पेक्शन और परीक्षण के कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सड़क निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी और मोरम का उपयोग किया जा रहा है। इससे शासन को राजस्व हानि होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा और प्रशासन भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

युवा कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने निर्माणाधीन सड़क की खराब स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जगह-जगह गड्ढे, धूल और उबड़-खाबड़ रास्तों के कारण आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर नियमित पानी छिड़काव नहीं होने से धूल का गुबार बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। इसके अलावा सुरक्षा संकेतकों की उचित व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए और दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।

प्रतीक सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा जनहित में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई अनिश्चितकालीन “काम रोको आंदोलन” और चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस महासचिव नीरज गुप्ता, जनपद सदस्य सी.बी. सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जीत गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष एनएसयूआई निशांत चौबे, अबरार अंसारी, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष संदीप सिंह, राजा साहू, आयुष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।