नेरली में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, सीआरपीएफ कमांडेंट अनिल कुमार प्रसाद रहे मुख्य अतिथि

दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत नेरली में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। शासकीय माध्यमिक शाला में आयोजित कार्यक्रम में 230वीं वाहिनी सीआरपीएफ के कमांडेंट अनिल कुमार प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

Jan 27, 2026 - 15:44
 0  11
नेरली में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, सीआरपीएफ कमांडेंट अनिल कुमार प्रसाद रहे मुख्य अतिथि

UNITED NEWS OF ASIA. नविन चौधरी, नेरली, दंतेवाड़ा। ग्राम पंचायत नेरली स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में 26 जनवरी 2026 को देश का 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में 230वीं वाहिनी सीआरपीएफ नेरली के कमांडेंट  अनिल कुमार प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन द्वारा की गई।

समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। मुख्य अतिथि कमांडेंट  अनिल कुमार प्रसाद ने तिरंगा फहराकर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उनके साथ द्वितीय कमांडेंट अवश्रिनी परमार, सहायक कमांडेंट विजय कुमार सहित सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नेरली के सरपंच  रवि तेलाम, सचिव  योगेश नागेश, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि श्री प्रसाद ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों और ग्रामीणों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, ईमानदारी और देशसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।

समारोह के अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत नेरली में उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा।