नगरी को नगर पालिका का दर्जा देने और फोरलेन निर्माण की मांग, प्रभारी मंत्री से मिले बलजीत छाबड़ा
नगरी नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा से मुलाकात कर नगर पालिका का दर्जा, फोरलेन सड़क निर्माण, राजा बाड़ा में डोम निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मुद्दों पर मांगपत्र सौंपा।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l नगरी नगर पंचायत के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने रायपुर स्थित कार्यालय में धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा से मुलाकात कर नगरी नगर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा देने सहित कई जनहितकारी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान बलजीत छाबड़ा ने बताया कि नगरी नगर पंचायत की आबादी लगभग 19 हजार के करीब पहुंच चुकी है और यह नगर पालिका के लिए निर्धारित मानकों को पूरा करती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से नगर को अतिरिक्त वित्तीय संसाधन और नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। इस संबंध में परिषद के निर्णय के साथ औपचारिक आवेदन भी प्रभारी मंत्री को सौंपा गया।
अध्यक्ष छाबड़ा ने नगरी नगर में बजरंग चौक से मुख्य मार्ग हृदयीभाठा चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट वर्ष 2026 के बजट में शामिल है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। इस पर प्रभारी मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और सकारात्मक आश्वासन प्रदान किया।
इसके अलावा राजा बाड़ा परिसर में स्थायी डोम निर्माण की मांग भी रखी गई। अध्यक्ष ने बताया कि राजा बाड़ा नगरी का प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां दुर्गोत्सव, सामाजिक आयोजन, विवाह समारोह और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। बरसात के मौसम में कार्यक्रमों के संचालन में कठिनाइयों को देखते हुए यहां डोम निर्माण आवश्यक है। लगभग 60 लाख रुपये की लागत वाले इस प्रस्ताव के लिए अध्यक्ष और पार्षद निधि से 40 लाख रुपये की अनुशंसा प्राप्त हो चुकी है। शेष 20 लाख रुपये की स्वीकृति के लिए प्रभारी मंत्री से अनुरोध किया गया, जिस पर उन्होंने सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में आबादी भूमि, निजुल भूमि और बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में सर्वे कार्य कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। अध्यक्ष ने बताया कि इन क्षेत्रों में वर्षों से निवास कर रहे कई परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना और आवासीय पट्टे के लाभ से वंचित हैं। सर्वे कार्य पूर्ण होने से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
प्रभारी मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बलजीत छाबड़ा ने बताया कि नगरी के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आगे विभागीय मंत्री अरुण साव और मुख्यमंत्री के समक्ष भी प्रस्ताव रखा जाएगा, ताकि नगर के विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिल सके और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों।