मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज परिसर में वन महोत्सव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया पौधरोपण
मनेंद्रगढ़ के निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में वन महोत्सव-2026 के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पौधरोपण किया, तेंदूपत्ता बोनस चेक वितरित किए और ‘तुहर पौधा तुहर द्वार’ योजना के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज शुरू करने का लक्ष्य भी दोहराया।
UNITED NEWS OF ASIA. मनेंद्रगढ़ l जिले के परसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में शुक्रवार को वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और विकास का अनूठा संदेश दिया गया। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पौधरोपण कर हरित भविष्य का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बोनस चेक वितरित किए तथा ‘तुहर पौधा तुहर द्वार’ योजना के अंतर्गत पौधों के निःशुल्क वितरण के लिए विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने चंदन, मौलश्री, अशोक और आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।
अपने संबोधन में श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से प्रत्येक परिवार द्वारा कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव भी हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी वर्ष शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह संस्थान एमसीबी जिले के साथ सरगुजा संभाग, छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों एवं मरीजों के लिए भी लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थित यह मेडिकल कॉलेज प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी चन्द्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि वन महोत्सव-2026 के दौरान जिले में 16 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जबकि ‘तुहर पौधा तुहर द्वार’ योजना के माध्यम से 2 लाख पौधे निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नागरिक अपने लगाए गए पौधों की फोटो विभाग के व्हाट्सएप नंबर पर भेजकर हरित संकल्प अभियान से जुड़ सकते हैं। बेहतर संरक्षण करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिले की 11 लघु वनोपज सहकारी समितियों के लिए वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता संग्रहण का बोनस चेक भी वितरित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इससे तेंदूपत्ता संग्राहकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने जिले में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, मानसिक रोग अस्पताल, डायलिसिस सेंटर, पॉलीटेक्निक कॉलेज, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, 220 बिस्तरों वाले अस्पताल, हसदेव नदी पर पुल और अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।