UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र सुकला. कोरिया । मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), 16 मार्च। जिले में अवैध रेत कारोबार को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। जिला किसान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उपेन्द्र द्विवेदी ने ग्राम पंचायत बिछियाटोला में कथित अवैध रेत भंडारण का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, बिजुरी निवासी विवेक तिवारी को 16 अगस्त 2023 से 16 जून 2026 तक के लिए रेत भंडारण की अनुमति प्रदान की गई थी। हालांकि शिकायतकर्ता का आरोप है कि रॉयल्टी पर्ची समाप्त होने के बाद भी अवैध तरीके से रेत का भंडारण जारी है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि 22 नवंबर 2025 को जीपीएस फोटो भेजकर माइनिंग विभाग को भंडारण समाप्त होने की सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद आरोप है कि पिछले लगभग एक सप्ताह से सूरजपुर जिले की अवैध रॉयल्टी पर्चियों का उपयोग कर देर रात और अलसुबह ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत लाकर दोबारा भंडारण किया जा रहा है।
किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी शिकायत के साथ दो महत्वपूर्ण साक्ष्य भी संलग्न किए हैं। इनमें 22 नवंबर 2025 की जीपीएस फोटो शामिल है, जिसमें भंडारण समाप्त होने की स्थिति दर्शाई गई है। वहीं 15 मार्च 2026 की वर्तमान जीपीएस फोटो में कथित तौर पर दोबारा रेत का भंडारण दिखाई दे रहा है।
इस मामले की प्रतिलिपि जिला खनिज अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) केल्हारी को भी भेजी गई है, ताकि पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। शिकायत पत्र पर 16 मार्च 2026 की कलेक्टर कार्यालय मनेंद्रगढ़ की पावती भी दर्ज है, जिससे स्पष्ट है कि मामला प्रशासन के संज्ञान में आ चुका है।
इधर ग्राम बिछियाटोला और आसपास के क्षेत्रों के किसानों व ग्रामीणों में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि अवैध गतिविधियों के कारण पर्यावरण और स्थानीय संसाधनों पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
अब सभी की नजर प्रशासन पर टिकी है कि इस शिकायत के बाद अवैध रेत कारोबार पर कितनी जल्दी कार्रवाई होती है।