जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात के समय वह चौक पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने का प्रयास कर रहा था। ट्रक नहीं रुकने पर उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया।
इसी दौरान शिव और स्कूटी सवार युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और बहस हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। विवाद के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने शिव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में शिव गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद आरोपी स्कूटी सवार वहां से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी अंडरब्रिज की ओर से टाउनशिप की तरफ चले गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल शिव को तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया। वहां इलाज के दौरान रविवार सुबह शिव की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल के अनुसार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है। घायल शिव के साथ मौजूद युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका था। इसके बावजूद पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इस घटना के बाद सुपेला थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद विवाद की वास्तविक वजह तथा घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।