मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंबेडकर चौक के समीप स्थित हनुमान मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई और परिसर में मौजूद खरपतवार को हटाकर सफाई अभियान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता दीदियों, स्थानीय महिलाओं और नागरिकों के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई की। अभियान के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के स्थानों के साथ-साथ सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जनभागीदारी से चला सफाई अभियान
स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर हनुमान मंदिर परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान स्वच्छता को केवल किसी एक दिन की गतिविधि न मानकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने पर जोर दिया गया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सेवा और स्वच्छता के कार्यों में जनभागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। सामूहिक प्रयासों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ उनका बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकता है।
पार्क के रूप में विकसित करने की मंशा
अभियान के दौरान मंत्री ने शिवनंदनपुर स्थित इस स्थल को भविष्य में पार्क के रूप में विकसित करने की मंशा जताई। उनका कहना था कि यदि इस स्थान को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाता है तो स्थानीय नागरिकों को हरियाली के बीच एक सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में भी मदद मिल सकती है।
सेवा संकल्प फोटो फ्रेम पर खिंचवाई तस्वीर
कार्यक्रम स्थल पर नगर पंचायत की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत फोटो फ्रेम भी स्थापित किया गया था। मंत्री ने इस फोटो फ्रेम के साथ तस्वीर खिंचवाई। स्वच्छता और कचरा मुक्त भारत के संदेशों से सुसज्जित यह फ्रेम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की पहल का हिस्सा रहा।
अभियान के दौरान नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, आसपास के क्षेत्र को साफ रखने और पॉलिथीन के उपयोग से बचने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने और नगर को स्वच्छ, सुंदर तथा पॉलिथीन मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। जनभागीदारी से आयोजित इस अभियान के जरिए शिवनंदनपुर में स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों के बेहतर रखरखाव को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।