मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर मोहरसोप के ठूठीयापरा में सुधरी बिजली आपूर्ति व्यवस्था

भटगांव विधानसभा अंतर्गत ग्राम मोहरसोप के ठूठीयापरा में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का समाधान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर किया गया। CREDA विभाग द्वारा 10 केवी सौर प्लांट में नया इनवर्टर स्थापित कर बिजली आपूर्ति को सुचारू किया गया।

Jan 20, 2026 - 15:02
 0  9
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर मोहरसोप के ठूठीयापरा में सुधरी बिजली आपूर्ति व्यवस्था

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | सूरजपुर/भटगांव। भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरसोप के ठूठीयापरा में लंबे समय से बनी बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान अब हो गया है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के त्वरित हस्तक्षेप और निर्देश के बाद CREDA विभाग द्वारा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की गई है।

ग्रामीणों ने मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े को अवगत कराया था कि ठूठीयापरा क्षेत्र में स्थापित सौर ऊर्जा प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और रात्रिकालीन सुरक्षा में परेशानी बढ़ गई थी।

समस्या की गंभीरता को देखते हुए मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने CREDA विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देशानुसार विभाग द्वारा क्षेत्र में स्थापित 10 केवी सौर प्लांट में नया इनवर्टर लगाया गया, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है। इनवर्टर के स्थापित होने के बाद ठूठीयापरा में बिजली आपूर्ति पुनः सुचारू हो गई है और ग्रामीणों को राहत मिली है।

ग्रामीणों ने समस्या के शीघ्र समाधान पर मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि मंत्री द्वारा समय पर ध्यान दिए जाने और प्रशासनिक समन्वय के कारण उनकी वर्षों पुरानी परेशानी दूर हुई है। उन्होंने कहा कि अब गांव में नियमित रूप से बिजली उपलब्ध हो रही है, जिससे जनजीवन सामान्य हो गया है।

इस अवसर पर मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा जैसी सुविधाएं आम जनता के जीवन से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए इनसे संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए सतत निगरानी रखी जाए और शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में विकास कार्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार निरंतर जारी रहेगा।