कोरबा के सलोरा-दर्राभाठा में सार्वजनिक बार महोत्सव का शुभारंभ, कौशल्या साय व मंत्री लखन देवांगन हुए शामिल
कोरबा जिले के ग्राम सलोरा-दर्राभाठा में आयोजित सार्वजनिक बार महोत्सव 2025-26 के शुभारंभ में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। पूजा-अर्चना के साथ परंपराओं के संरक्षण और विकास कार्यों पर जोर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा | कोरबा जिले के ग्राम सलोरा, दर्राभाठा में ग्रामवासियों द्वारा आयोजित सार्वजनिक बार महोत्सव 2025-26 का शुभारंभ पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शामिल होकर अतिथियों ने ठाकुर देव एवं डोकरी दाई की विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।
कौशल्या साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि आज भी समाज अपनी पुरानी परंपराओं को सहेजते हुए इतने उत्साह और श्रद्धा के साथ धार्मिक आयोजनों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है तथा उन्होंने समाज और ग्रामीणजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ठाकुर देव और डोकरी दाई का आशीर्वाद सदैव ग्रामीणजनों और समाज को मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि दर्राभाठा में आयोजित इस महोत्सव में दूर-दराज से भी श्रद्धालु पूजन हेतु पहुंचे हैं। मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के सभी समाजों का विकास और उत्थान हो रहा है तथा विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
इस अवसर पर पालीतानाखार विधायक तुलेश्वर मरकाम, कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरिवंश मिरी, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, जिला महामंत्री संजय शर्मा, पार्षद नरेंद्र देवांगन, सविता साय, सरपंच प्रमिला कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।