कोरबा मेडिकल कॉलेज को मिला सर्व सुविधायुक्त आश्रयालय, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण

कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एसईसीएल के सीएसआर मद से बने 61.82 लाख रुपये के आधुनिक आश्रयालय का लोकार्पण कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस सुविधा से मरीजों के परिजनों को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

Mar 28, 2026 - 11:31
 0  3
कोरबा मेडिकल कॉलेज को मिला सर्व सुविधायुक्त आश्रयालय, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण

UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा।  कोरबा जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत देते हुए एक सर्व सुविधायुक्त आश्रयालय का निर्माण किया गया है। इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने फीता काटकर किया। यह आश्रयालय एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के सीएसआर मद से लगभग 61.82 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मंत्री देवांगन ने बताया कि कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। विभिन्न प्रकार की जांच सुविधाओं के लिए करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण 16.5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण होगा।

उन्होंने आगे बताया कि कैजुअल्टी भवन के ऊपर 100 बेड का नया वार्ड लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है। गर्मी के मौसम में मरीजों को राहत देने के लिए अस्पताल में 83 एयर कंडीशनर लगाए जा रहे हैं। साथ ही 40 बिस्तरों की क्षमता वाला आई वार्ड भी लगभग 1.21 करोड़ रुपये की लागत से जल्द ही शुरू किया जाएगा। नवजात शिशुओं के लिए 6 बिस्तरों की विशेष सुविधा भी विकसित की गई है।

मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सीएसआर और डीएमएफ फंड के माध्यम से अस्पताल में जल्द ही सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया जारी है और प्रयास किया जा रहा है कि जिले के लोगों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि इस नए आश्रयालय (रैन बसेरा) के निर्माण से मरीजों के परिजनों को अब अस्पताल परिसर में ही ठहरने की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि सुशासन और मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाएं पूरी होने के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुविधाओं का स्तर और भी बेहतर हो जाएगा।

इस अवसर पर नगर निगम के सभापति नूतन ठाकुर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. के.के. सहारे, डॉ. गोपाल कंवर, एसईसीएल गेवरा के जीएम एन.के. साहू, डॉ. रवि जाटवर, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी दुष्यंत शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह आश्रयालय न केवल मरीजों के परिजनों को सहूलियत प्रदान करेगा, बल्कि कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल को एक आधुनिक और सुविधायुक्त स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।