कोरबा में अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत, सड़क दुर्घटना और फैक्ट्री हादसे से मचा हड़कंप

कोरबा जिले में सोमवार को अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों ने जान गंवाई, जबकि फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। हादसों के बाद कई स्थानों पर लोगों ने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन और चक्काजाम किया।

May 19, 2026 - 15:08
 0  31
कोरबा में अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत, सड़क दुर्घटना और फैक्ट्री हादसे से मचा हड़कंप

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता l कोरबा जिले में सोमवार का दिन हादसों से भरा रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुबह से देर शाम तक हुए विभिन्न हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सड़क दुर्घटनाओं में चार लोगों ने दम तोड़ा, जबकि फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। लगातार हुई इन घटनाओं से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल बना रहा।

देर शाम जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान प्रकाश और बबलू के रूप में हुई है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा, कुसमुंडा, दीपका थाना और सर्वमंगला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात तक सड़क पर लोगों का आक्रोश बना रहा और प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

इसी दिन दूसरी बड़ी दुर्घटना बालको थाना क्षेत्र के ग्राम अजगरबहार के पास हुई, जहां पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि करीब दस युवक झोराघाट से वापस लौट रहे थे। अचानक तेज रफ्तार ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो सड़क किनारे पलट गई। हादसे में सोनू यादव और सत्यम यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य युवक घायल हो गए। राहगीरों और साथियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में हुई। यहां मशीन की सफाई के दौरान एक महिला मजदूर मशीन में दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला मशीन चालू अवस्था में साफ-सफाई कर रही थी, तभी अचानक लीवर नीचे गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गई।

हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और फैक्ट्री संचालक से उचित मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों ने मृतका के नाबालिग बेटे के भविष्य की सुरक्षा की भी मांग उठाई। कई घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन और बातचीत के बाद समझौता हुआ। फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल 75 हजार रुपये की सहायता देने, दो लाख रुपये की एफडी कराने और बेटे के बालिग होने पर नौकरी देने पर सहमति जताई। इसके बाद मामला शांत हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।