कोंडागांव: सेवा संकल्प अभियान के तहत बम्हनी में सियान जतन एवं सम्मान कार्यक्रम, 50 वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

कोंडागांव जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में सेवा संकल्प अभियान के तहत सियान जतन एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में 50 वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने तिलक लगाकर और शॉल भेंटकर बुजुर्गों का सम्मान किया। स्वास्थ्य विभाग ने नियमित जांच, संतुलित आहार, योग और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Oct 13, 2026 - 15:45
 0  4
कोंडागांव: सेवा संकल्प अभियान के तहत बम्हनी में सियान जतन एवं सम्मान कार्यक्रम, 50 वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव। जिले में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में सियान जतन एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 50 वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों ने तिलक लगाकर और शॉल भेंटकर बुजुर्गों का सम्मान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष तोमेंद्र सिंह ठाकुर, बम्हनी सरपंच कविता पोयाम और अन्य जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत किया। इस दौरान मितानिन प्रशिक्षक केशर ठाकुर और मितानिन टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर बुजुर्गों का अभिनंदन किया।

50 वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। केंद्र के अंतर्गत आने वाली 12 ग्राम पंचायतों के सरपंचों और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. आयुष जायसवाल ने बुजुर्गों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। इस दौरान रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन और आंखों की जांच की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की समझाइश दी। कार्यक्रम का उद्देश्य उम्र के साथ होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना रहा।

बुजुर्ग परिवार और समाज के वटवृक्ष के समान

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज के वटवृक्ष के समान होते हैं। उनके अनुभव, आशीर्वाद और मार्गदर्शन से परिवार तथा समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और उम्र के साथ होने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि योग, हल्का व्यायाम, बागवानी और सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सहभागिता से बुजुर्गों को शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद मिलती है। उन्होंने परिवार के सदस्यों से अपील की कि वे वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों का ध्यान रखें और उन्हें पर्याप्त समय, स्नेह तथा सम्मान दें।

तिलक और शॉल भेंटकर किया सम्मानित

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक हीरासिंह ठाकुर, सोहन सिंह ठाकुर और सोन साय ध्रुव ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। जनप्रतिनिधियों ने भी बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में सहयोग देने की बात कही।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, आंखों की रोशनी में कमी और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी कृष्ण कुमार पटेल और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय नायडू ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित तिथियों पर विभागीय सेवाओं और शासकीय योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक भावना महलवार, झम्मन लाल वर्मा, विनय जोनाथन, कॉन्तेश देवांगन, शीला यादव, बीईटीओ सुनीता सरकार, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सोरी, मितानिन प्रशिक्षक केशर ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और मितानिन उपस्थित रहे।