शिक्षकों को मूल संस्था भेजने और वरिष्ठ छात्रावास अधीक्षकों को मंडल संयोजक बनाने की मांग
कोंडागांव में छात्रावास अधीक्षक संघ ने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि मंडल संयोजक के रूप में कार्यरत शिक्षकों को उनकी मूल संस्था में वापस भेजा जाए। संघ ने उनके स्थान पर अनुभवी वरिष्ठ छात्रावास अधीक्षकों को मंडल संयोजक नियुक्त करने की मांग करते हुए कहा कि इससे विभागीय कार्यों का संचालन अधिक प्रभावी होगा और विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था भी मजबूत होगी।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव l कोंडागांव में छात्रावास अधीक्षक संघ ने मंडल संयोजक पद पर कार्यरत शिक्षकों को उनकी मूल संस्था में वापस भेजने तथा उनके स्थान पर वरिष्ठ छात्रावास अधीक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को ज्ञापन सौंपा। संघ का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त कर विद्यालयों में शिक्षण कार्य के लिए भेजा जा रहा है। ऐसे में मंडल संयोजक के पद पर कार्यरत शिक्षकों को भी उनके मूल विद्यालयों में वापस भेजा जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।