कवर्धा महिला थाना ने मनाया बाल सुरक्षा सप्ताह, छात्राओं को दी साइबर सुरक्षा व गुड-टच बैड-टच सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ
कवर्धा महिला थाना ने बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत जनजाति कन्या छात्रावास में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्राओं को साइबर क्राइम, बाल विवाह, पोक्सो, घरेलू हिंसा, गुड-टच बैड-टच और 1930 हेल्पलाइन सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला तथा उप पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार चंद्राकर के निर्देशानुसार, महिला थाना कवर्धा द्वारा 15 नवंबर 2025 को पो.मै.अनु. जनजाति कन्या छात्रावास कवर्धा में बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें बाल विवाह, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, ठगी होने पर शिकायत हेतु हेल्पलाइन 1930, पोक्सो एक्ट, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, गुड टच-बैड टच, अभिव्यक्ति एप तथा यातायात नियमों के पालन जैसे विषय शामिल थे।
महिला थाना टीम ने छात्रावास की अधीक्षिका एवं सुरक्षा गार्ड को भी महिलाओं और बच्चियों के प्रति बढ़ते अपराधों के प्रति सतर्क रहने एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में महिला थाना कवर्धा की प्रभारी भुवनेश्वरी साहू, महिला प्रधान आरक्षक मानकुमारी राज, महिला आरक्षक रजनी टोप्पो, महिला आरक्षक नंदिनी ओगर तथा छात्रावास अधीक्षिका संगीता मैडम उपस्थित रहीं।
यह कार्यक्रम बालिकाओं में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने और उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।