कवर्धा में सांसद संतोष पांडेय का दौरा: कई विकास कार्यों का भूमिपूजन, ग्रामीणों से की मुलाकात
कवर्धा ब्लॉक के विभिन्न गांवों में सांसद संतोष पांडेय ने दौरा कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और कई निर्माण कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के कवर्धा ब्लॉक में क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। इस दौरान उन्होंने कई निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया और ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
अपने दौरे के दौरान सांसद संतोष पांडेय ग्राम पनेका पहुंचे, जहां उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर के पास सांस्कृतिक भवन निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की। इसी क्रम में ग्राम दशरंगपुर में सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके अलावा सांसद के प्रयास और अनुशंसा से पर्यावरण विकास एवं उपकर निधि के तहत ग्राम बैजी और ग्राम गोपालभावना में सीसी सड़क निर्माण के लिए 7-7 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन दोनों गांवों में सड़क निर्माण कार्यों का भी सांसद द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया। ग्रामीणों ने इन विकास कार्यों के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार लगातार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
सांसद पांडेय ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि सरकार के ठोस प्रयासों के चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित हुआ है। अब बस्तर सहित अन्य क्षेत्रों में लोग निर्भय होकर जीवन जी रहे हैं और विकास कार्यों को गति मिल रही है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कवर्धा के उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष खेलेश्वर साहू, सीताराम साहू, महामंत्री राजू चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दौरे के दौरान सांसद संतोष पांडेय ने धार्मिक आयोजनों में भी भाग लिया। वे जानकीवन धाम में आयोजित शिव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ में शामिल हुए और पूजा-अर्चना की। इसके अलावा ग्राम धरमपुरा में आयोजित महायज्ञ में भी उन्होंने भाग लेकर क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
सांसद का यह दौरा विकास और जनसंपर्क दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।