कबीरधाम पुलिस ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर लगाए 300 पौधे, 'एकता वृक्षारोपण' अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कबीरधाम पुलिस ने साप्ताहिक जनरल परेड के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर 'एकता वृक्षारोपण' अभियान चलाकर 300 पौधे लगाए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों, एनसीसी, स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

Jul 10, 2026 - 17:00
 0  2
कबीरधाम पुलिस ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर लगाए 300 पौधे, 'एकता वृक्षारोपण' अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l जिला कबीरधाम पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए 'एकता वृक्षारोपण' अभियान का आयोजन किया। न्यू पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में आयोजित इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने मिलकर कुल 300 पौधों का रोपण किया।

इससे पहले प्रत्येक शुक्रवार की तरह न्यू पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने ली। उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और जवानों की टर्नआउट, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, वर्दी की सुसज्जा और कार्यकुशलता का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, समयपालन, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जनरल परेड के समापन के बाद 'एकता वृक्षारोपण' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) कृष्ण कुमार चंद्राकर, एसडीओपी भूपत सिंह धनेश्वरी, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा एनसीसी और स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और उनका जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि उनकी 150वीं जयंती पर लगाया गया प्रत्येक पौधा केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प ले, तो हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत का सपना साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के निर्माण के लिए लगाए गए पौधों की देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया। कबीरधाम पुलिस का यह अभियान सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को सार्थक श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का मजबूत संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।