उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, आयुर्वेदिक चिकित्सक गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Jul 15, 2026 - 18:34
 0  8
उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म का आरोप, आयुर्वेदिक चिकित्सक गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को गिरफ्तार किया है। शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना लोहारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बिडोरा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने उपचार के बहाने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ पुत्री के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 15 जुलाई 2026 को आरोपी बालक दास चंदेल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ढोढमानवापारा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कबीरधाम पुलिस ने बताया कि महिला एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई उनकी प्राथमिकता है। इसी नीति के तहत इस मामले में भी शिकायत मिलते ही तत्काल जांच शुरू की गई और कम समय में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।

मामले की जांच में महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा एवं उनकी टीम, उप निरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे मामलों में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। मामले की आगे की विवेचना जारी है और पुलिस नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।