कबीरधाम में पशु तस्करी पर कार्रवाई, बिना चारा-पानी मवेशियों को ले जा रहे 2 आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम मोहगांव तालाब के पास से 8 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 4 भैंस और 4 पड़वा को बिना चारा-पानी के डंडे से हांकते हुए मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है।
UNITED NNEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l कबीरधाम जिले में अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर कार्रवाई करते हुए सहसपुर लोहारा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम मोहगांव तालाब के पास सड़क पर 8 मवेशियों को बिना चारा-पानी के डंडे से हांकते हुए पैदल मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 4 भैंस और 4 पड़वा सहित कुल 8 मवेशियों को बरामद किया है। इनकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है। बरामद मवेशियों को सुरक्षित गौशाला में रखवाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 9 अक्टूबर 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। ग्राम बबई निवासी गोपीनाथ साहू ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, दो व्यक्ति रात के समय मवेशियों को डंडे से हांकते हुए ले जा रहे थे। आरोप है कि पशुओं को चारा-पानी दिए बिना ले जाया जा रहा था और उन्हें वध करने की नीयत से मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मवेशियों को अपने कब्जे में लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पीरअली, उम्र 34 वर्ष, पिता जाकिर अली और भुनेश्वर कुर्रे, उम्र 35 वर्ष, पिता सुंदर कुर्रे को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ग्राम गंडई, थाना गंडई, जिला केसीजी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
2026 में 179 मवेशियों को कराया गया मुक्त
कबीरधाम पुलिस के अनुसार, जिले में 1 जनवरी 2026 से 9 अक्टूबर 2026 तक पशु तस्करी के विरुद्ध कुल 18 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में कथित तस्करी में इस्तेमाल किए गए 13 वाहनों को जब्त किया गया और 56 आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि इस अवधि में कुल 179 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। सहसपुर लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें गौशाला में रखवाया।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशु तस्करी या पशुओं के साथ क्रूरता की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।