प्राप्त जानकारी के अनुसार मार्च 2023 में प्रार्थी सुखी राम साहू, निवासी भाठापारा, ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है और स्वयं के उपयोग के लिए एक सेकंड हैंड चार पहिया वाहन की तलाश में था। इसी दौरान एक मोबाइल नंबर से संपर्क हुआ, जिसमें सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम वसीम खान बताया और स्वयं को दुर्ग निवासी बताया।
आरोपी ने प्रार्थी को एक चार पहिया वाहन मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर, वर्ष 2022 मॉडल की फोटो भे जी तथा वाहन की कीमत 5 लाख 20 हजार रुपये बताई। आरोपी ने बयाना के रूप में पैसे जमा करने को कहा। इस पर प्रार्थी ने अलग–अलग किश्तों में कुल 1 लाख 30 हजार रुपये आरोपी के बताए खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
राशि प्राप्त होने के बाद आरोपी ने प्रार्थी का फोन उठाना बंद कर दिया और न ही वाहन की बिक्री को लेकर कोई संपर्क किया। बार-बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी द्वारा केवल वाहन की फोटो भेजकर टालमटोल की जाती रही। अंततः प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पूर्व में पुलिस टीम द्वारा दुर्ग में भी दबिश दी गई थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। इसके बाद साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई।
मामले की जानकारी जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर थाना जांजगीर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दुर्ग में दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने प्रार्थी से कार बिक्री के नाम पर कुल 1 लाख 30 हजार रुपये ऑनलाइन अपने खाते में प्राप्त कर धोखाधड़ी की थी।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार तो नहीं बनाया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सहायक उप निरीक्षक मुकेश पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा साइबर थाना से आरक्षक रोहित कहरा और शाहबाज खान का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन वाहन खरीद-फरोख्त के दौरान पूरी जांच-पड़ताल कर ही किसी प्रकार का भुगतान करें।