अवैध डीजल परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 1400 लीटर डीजल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे करीब 1,400 लीटर डीजल से भरे 7 ड्रम जब्त किए। कार्रवाई में टाटा इंट्रा वाहन समेत करीब 6.40 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर आरोपी विजेन्द्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया गया।

Oct 3, 2026 - 08:21
 0  7
अवैध डीजल परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, 1400 लीटर डीजल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नॉर्थ जोन पुलिस ने डीजल के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त किया है। खमतराई थाना पुलिस ने 7 बड़े ड्रमों में भरे डीजल के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा इंट्रा वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम टाउन भ्रमण पर थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आने वाले एक मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए वाहन की घेराबंदी कर जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 के पीछे 7 बड़े लोहे के ड्रम रखे मिले। पुलिस ने ड्रमों की जांच की तो प्रत्येक ड्रम में करीब 200-200 लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया। इस तरह कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया गया।

पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव, उम्र 50 वर्ष, पिता शिव लगन सिंह यादव, निवासी नोनीयारीचक, पोस्ट दौलतपुर, थाना भगवानगंज, जिला पटना, बिहार तथा वर्तमान निवासी उमेश साव का ढाबा, ग्राम भेमता, थाना तिल्दा, जिला रायपुर बताया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी डीजल के परिवहन और कब्जे से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 7 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल और टाटा इंट्रा वाहन को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

मामले में खमतराई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 287 बीएनएस एवं धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विवेचना में यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डीजल कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

नॉर्थ जोन पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों तथा ज्वलनशील पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील भी की है।