जगन्नाथ रथ यात्रा पर हेल्पिंग हैंड्स क्लब का वृहद वृक्षारोपण, 501 यूनिट रक्तदान महाकुंभ का ऐलान

रायपुर में जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने शंकराचार्य आश्रम स्थित सुदर्शन संस्थानम में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आगामी दिनों में 501 यूनिट रक्तदान के लक्ष्य के साथ महाकुंभ आयोजित करने की घोषणा भी की।

Jul 17, 2026 - 10:27
 0  38
जगन्नाथ रथ यात्रा पर हेल्पिंग हैंड्स क्लब का वृहद वृक्षारोपण, 501 यूनिट रक्तदान महाकुंभ का ऐलान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था के "साँसें हो रही कम, आओ वृक्ष लगाए हम" अभियान के तहत यह कार्यक्रम शंकराचार्य आश्रम स्थित सुदर्शन संस्थानम परिसर में संपन्न हुआ। लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी संस्थान द्वारा निभाई जाएगी।

वृक्षारोपण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के "द ट्री मैन" के नाम से पहचान रखने वाले सुनील रामदास अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। संस्था के प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की वूमेन विंग प्रदेश अध्यक्षा बबीता अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्षा सुनीता पाण्डेय, प्रमोद अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, पुष्पा लोहाटी, संजय अग्रवाल और डिंपल झाझरिया सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

बबीता अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ष कम से कम 10 पौधे लगाने चाहिए और उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ और खुशहाल जीवन का आधार है। वहीं सुनीता पाण्डेय ने बताया कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन प्रत्येक वर्ष पूरे छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित करता है।

संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने बताया कि आगामी दिनों में राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में रक्तदान महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में एकत्रित रक्त जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अक्सर रक्त की कमी बनी रहती है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से संस्था लगातार सरकारी अस्पतालों में रक्तदान शिविर आयोजित करती है।

संरक्षक रमेश अग्रवाल और मनोज गोयल ने बताया कि इस वर्ष संस्था ने 501 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण अग्रवाल ने कहा कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन का विस्तार प्रदेश के विभिन्न शहरों में किया जा रहा है। रक्तदान महाकुंभ के दिन नए शहरों की टीमों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष विन्नी सलूजा ने बताया कि इस वर्ष समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को चिन्हित कर "रत्न अवार्ड" से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन 24 घंटे सामाजिक सेवा के लिए सक्रिय रहने वाली संस्था है और पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान तथा जनसेवा के विभिन्न अभियानों के माध्यम से लगातार समाजहित में कार्य कर रही है।