हेल्पिंग हैंड्स क्लब की पहल पर खरसिया में तैनात हुई यातायात पुलिस, सड़क सुरक्षा के लिए उठाए जाएंगे नए कदम

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की पहल के बाद खरसिया में तीन यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संस्था ने सड़क सुरक्षा को लेकर स्ट्रीट लाइट, स्पीड कंट्रोल और स्टॉपर लगाने की दिशा में भी पहल शुरू की है, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा।

Jul 22, 2026 - 12:13
Jul 22, 2026 - 13:21
 0  4
हेल्पिंग हैंड्स क्लब की पहल पर खरसिया में तैनात हुई यातायात पुलिस, सड़क सुरक्षा के लिए उठाए जाएंगे नए कदम

UNITED NEWS OF ASIA. रायगढ़ l जिले के खरसिया में सड़क सुरक्षा को लेकर हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की पहल रंग लाती नजर आ रही है। संस्था की मांग पर अब खरसिया में तीन यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। संस्था ने इसके लिए रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शासिमोहन सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। संस्था का कहना है कि यातायात पुलिस की तैनाती से स्कूलों के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने कुछ दिन पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर खरसिया की यातायात समस्याओं से अवगत कराया था। संस्था ने बताया था कि स्कूलों की छुट्टी के समय भारी वाहनों का आवागमन जारी रहता है, जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव और तेज रफ्तार के कारण भी लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए खरसिया में यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।

संस्था के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश संरक्षक बंटी सोनी, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल तथा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रोटरी अध्यक्ष विन्नी सलूजा लंबे समय से इस मांग को उठा रहे थे। संस्था का कहना है कि यह कदम स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब ने खरसिया में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संस्था के अनुसार ब्रह्माणपाली चौक से रायगढ़ चौक तक स्ट्रीट लाइट नहीं होने और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। विशेष रूप से गौवंश और दोपहिया वाहन चालक इन हादसों का शिकार बन रहे हैं। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल बना रहता है।

संस्था ने बताया कि नगरपालिका और बिजली विभाग के सहयोग से ब्रह्माणपाली चौक से रायगढ़ चौक तक स्ट्रीट लाइट लगाने की पहल की जाएगी। इसके साथ ही सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए 15 मजबूत स्टॉपर लगाए जाएंगे। ये स्टॉपर सियाराम ऑटो डील द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे हैं। संस्था का मानना है कि इससे भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगेगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने इस मार्ग पर भारी वाहनों के लिए स्पीड लिमिट तय करने की भी मांग की है। संस्था का कहना है कि यदि गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए तो सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

संस्था ने कहा कि वह लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय है और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करती है। हेल्पिंग हैंड्स क्लब का दावा है कि वह 24 घंटे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए उपलब्ध रहती है और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाती है।

संस्था ने उम्मीद जताई है कि यातायात पुलिस की तैनाती, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, स्पीड कंट्रोल और स्टॉपर लगाने जैसे कदमों से खरसिया में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।