ग्रीन आर्मी के सदस्यों ने बताया कि गदही तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र में काफी समय से कचरा और गंदगी जमा है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और महामारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि तालाब की नियमित सफाई नहीं होने से जल प्रदूषण बढ़ रहा है और आसपास रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने नगर निगम से मांग की कि तालाब की शीघ्र सफाई कराई जाए और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।
इस पर नगर निगम जोन-8 की कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने आश्वासन दिया कि 22 मार्च 2026 (रविवार) को नगर निगम की टीम द्वारा गदही तालाब की सफाई कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सफाई कार्य के लिए निगम द्वारा आवश्यक संसाधन जैसे जेसीबी, ट्रैक्टर और अन्य मशीनरी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि तालाब की गहराई तक सफाई की जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने तालाब के आसपास स्थित उद्यान के सौंदर्यीकरण और नियमित सफाई के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
ग्रीन आर्मी के प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर चर्चा की। साथ ही उद्यान विभाग के राजेश चौहान से भी भेंट कर तालाब के आसपास स्थित गार्डन के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर विचार-विमर्श किया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय पर तालाब की सफाई नहीं की गई तो गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि सफाई अभियान को नियमित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर ग्रीन आर्मी रायपुरा जोन प्रभारी शशिकांत यदु, जोन सचिव मनीष शर्मा, जोन उपाध्यक्ष मेघराज हरिनखेड़े, रघुनाथ राय, श्याम बघेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि नगर निगम द्वारा जल्द ही प्रभावी कार्रवाई करते हुए गदही तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा।