राज्यपाल की अनुशंसा पर दो मेधावी विद्यार्थियों व खिलाड़ी को आर्थिक सहायता
राज्यपाल श्री रामेन डेका की अनुशंसा पर बोड़ला विकासखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं—बैगा समुदाय के विद्यार्थी पतिराम मेरावी और राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी अनुराधा—को 5–5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। संयुक्त कलेक्टर आरबी देवांगन ने दोनों को चेक देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। राज्यपाल रामेन डेका की अनुशंसा पर कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के दो मेधावी और प्रतिभाशाली युवा प्रतिभागियों को प्रोत्साहनस्वरूप आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कुल 10 हजार रुपये की स्वीकृत राशि का वितरण कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर आर.बी. देवांगन द्वारा किया गया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दुल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संयुक्त कलेक्टर देवांगन ने राजभवन की ओर से दोनों प्रतिभाओं को 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। इनमें बैगा जनजाति के विद्यार्थी पतिराम मेरावी शामिल हैं, जिन्होंने कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर समुदाय का गौरव बढ़ाया है। वहीं दूसरी ओर अनुराधा राष्ट्रीय स्तर की खो-खो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने खेल के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम उज्ज्वल किया है।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर ने दोनों युवाओं को भविष्य में और बड़ी उपलब्धियाँ हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल महोदय की यह प्रेरणादायी पहल ग्रामीण और अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों के मनोबल को मजबूत करेगी। शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को इस तरह का सम्मान और प्रोत्साहन निरंतर आगे बढ़ने हेतु महत्वपूर्ण साबित होता है।
बैगा समुदाय से आने वाले पतिराम मेरावी की सफलता ने क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया है। वहीं राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुराधा की उपलब्धि यह दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर रही हैं। यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।