चोरों के हौसले बुलंद — जैतपुर डोमा के राधा-कृष्ण रामजानकी मंदिर में लाखों की चोरी
देवरी विधानसभा अंतर्गत गौरझामर थाना क्षेत्र के जैतपुर डोमा स्थित राधा-कृष्ण रामजानकी मंदिर में 5 से 7 लाख रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। सीसीटीवी में दो चोर कैद हुए हैं। पुलिस व डॉग स्क्वॉड सागर मौके पर जांच में जुटी है।
UNITED NEWS OF ASIA. सागर केसली | देवरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर डोमा स्थित राधा-कृष्ण रामजानकी मंदिर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। मंदिर के पुजारी के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 5 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर में पर्याप्त लाइट व्यवस्था नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों के मुताबिक यदि मंदिर में रोशनी की समुचित व्यवस्था होती, तो शायद इतनी बड़ी चोरी से भगवान के आभूषण बचाए जा सकते थे।
घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक चोर हाथ में छड़ लिए मंदिर के भीतर प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज में पहले वह भगवान की प्रतिमा के पास पहुंचता है, उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए अंदर की ओर जाता है। सीसीटीवी कैमरे में दो चोर कैद होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार मंदिर से 7 मुकुट सहित अन्य कीमती सामग्री चोरी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गौरझामर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए डॉग स्क्वॉड, सागर भी मौके पर बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ व सघन जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रकाश व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।