UNITED NEWS OF ASIA. हेमत पल, खैरागढ़ | धमधा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दो लोगों की तेज रफ्तार बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गीरोधा (थाना नंदिनी) निवासी हरिश्चंद्र यादव (48 वर्ष) और ग्राम खमतराई, बेरला निवासी पीतांबर उर्फ भोले (35 वर्ष) बरहापुर से धमधा की ओर एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में लक्ष्मी ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में रामनारायण ध्रुव (थाना प्रभारी) ने बताया कि बस चालक के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर है। जहां एक ओर शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।