थाना गंज पुलिस की सराहनीय पहल, लाखों के गुम सोने का रत्न-जड़ित ब्रेसलेट सुरक्षित लौटाया

रायपुर के थाना गंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गुम हुआ करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का रत्न-जड़ित ब्रेसलेट खोजकर पीड़ित महिला को सुरक्षित वापस किया।

Dec 7, 2025 - 15:45
 0  12
थाना गंज पुलिस की सराहनीय पहल, लाखों के गुम सोने का रत्न-जड़ित ब्रेसलेट सुरक्षित लौटाया

  UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर, रायपुर | प्रार्थिया  प्रीति लुणावत, निवासी स्टेशन रोड थाना गंज रायपुर, ने महिला हेल्प डेस्क में सूचना दी कि उनकी ननंद  रश्मि जैन का रेलवे स्टेशन के पास शाम करीब 6:30 बजे एक सोने का रत्न-जड़ित ब्रेसलेट गिरकर गुम हो गया है। ब्रेसलेट का वजन लगभग तीन तोला और कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी गंज के निर्देश पर महिला हेल्प डेस्क प्रभारी प्रधान आरक्षक दुर्गा बघेल चौधरी सहित पुलिस टीम को तत्काल रेलवे स्टेशन क्षेत्र भेजा गया। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों व ऑटो चालकों से लगातार पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त ब्रेसलेट रेलवे स्टेशन के पास एक ई-रिक्शा चालक को रास्ते में मिला था। ई-रिक्शा चालक की पहचान कर पूछताछ करने पर उसने ब्रेसलेट मिलने की पुष्टि की और उसे अपने पास रखे होने की बात स्वीकार की। चालक ने ब्रेसलेट पुलिस टीम को सौंप दिया।

लगातार प्रयास और सतत मेहनत के बाद थाना गंज पुलिस ने दिनांक 06.12.2025 को गुम हुआ रत्न-जड़ित सोने का ब्रेसलेट बरामद कर विधिवत प्रार्थिया  प्रीति लुणावत को सौंप दिया।

इस सराहनीय कार्य से न सिर्फ पीड़ित महिला को राहत मिली बल्कि थाना गंज पुलिस की तत्परता और ईमानदार पुलिसिंग की भी जनमानस में सराहना हो रही है।