उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मतदान केंद्र पहुँचकर भरा एसआईआर फॉर्म, नागरिकों से की सहभागिता की अपील
कवर्धा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मतदान केंद्र पहुँचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का फॉर्म भरा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को प्रक्रिया की जानकारी दी और मतदाता सूची शुद्धिकरण में सहयोग करने की अपील की।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज अपने कवर्धा प्रवास के दौरान वार्ड क्रमांक 23 स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 238 पहुँचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का फॉर्म भरा। इस अवसर पर उन्होंने बीएलओ से चर्चा करते हुए प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और मौजूद नागरिकों को एसआईआर के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने मतदाता सूची में त्रुटियों और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चुनाव आयोग द्वारा कराई जाने वाली एसआईआर प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ से संपर्क कर अपना फॉर्म भरें या ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।