UNITED NEWS OF ASIA. भारती कौर, दुर्ग l दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में अमलेश्वर निवासी 32 वर्षीय प्रकाश सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार बैगापारा निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर और उनके परिवार के 10 सदस्यों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश के जरिए अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया गया था।
आरोप है कि इसी विश्वास के आधार पर प्रकाश सिन्हा ने नवंबर 2021 से जनवरी 2022 के बीच अलग-अलग समय में परिवार के सदस्यों से कुल 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये निवेश के नाम पर लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए 1 करोड़ 3 लाख 60 हजार रुपये वापस भी किए। इसके बाद शेष रकम लौटाने को लेकर विवाद सामने आया। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने करीब 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं किए और रकम हड़प ली।
लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने के बाद मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पैसों के लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल करते हुए आरोपी प्रकाश सिन्हा की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग मणिशंकर चंद्रा ने जानकारी दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि निवेश के नाम पर ली गई रकम का लेनदेन किस तरह हुआ और कथित तौर पर प्राप्त पैसों का इस्तेमाल कहां किया गया। साथ ही पुलिस शिकायत में बताए गए वित्तीय लेनदेन और अन्य संबंधित तथ्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार शेयर ट्रेडिंग या निवेश के नाम पर किसी व्यक्ति द्वारा अधिक मुनाफे का भरोसा दिए जाने पर बिना जांच-पड़ताल के बड़ी रकम देना जोखिम भरा हो सकता है। निवेश करने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता, दस्तावेज और निवेश संबंधी दावों की पुष्टि करना जरूरी है। करोड़ों रुपये की रकम से जुड़े इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों और पैसों के पूरे लेनदेन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।