दुर्ग में लोक निर्माण विभाग की बीटी एवं सीसी सड़कों का लोकार्पण, 90 लाख की लागत से बनी ढाई किलोमीटर सड़क

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा पिटनिवास रोड एवं कलेक्टरेट परिसर रोड के बीटी एवं सीसी नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने पर लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 90 लाख रुपये की लागत से बनी इन सड़कों से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

Jan 30, 2026 - 13:29
 0  19
दुर्ग में लोक निर्माण विभाग की बीटी एवं सीसी सड़कों का लोकार्पण, 90 लाख की लागत से बनी ढाई किलोमीटर सड़क

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग | छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित एवं नवीनीकृत बीटी एवं सीसी सड़क कार्यों का लोकार्पण आज 29 जनवरी 2026, गुरुवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से पिटनिवास रोड तथा कलेक्टरेट परिसर रोड के बीटी एवं सीसी नवीनीकरण कार्य आम जनता को समर्पित किए गए।

दुर्ग संभाग अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा इन दोनों सड़कों का नवीनीकरण कार्य पूर्ण कराया गया है। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग ढाई किलोमीटर बताई गई है, जिस पर करीब 90 लाख रुपये की लागत आई है। सड़क निर्माण कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही कार्यालयों, शासकीय परिसरों और प्रमुख मार्गों तक पहुंच पहले से अधिक सुगम हो सकेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री  गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। उन्होंने सड़क का विधिवत लोकार्पण कर आम जनता को यह सुविधा समर्पित की।

इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, दुर्ग नगर निगम की महापौर  अलका बाघमार, नगर निगम सभापति  श्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री  गजेंद्र यादव ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर और मजबूत सड़कें बनने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होती है, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान बनती है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश भी दिए।

वहीं दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार ने कहा कि पिटनिवास रोड और कलेक्टरेट परिसर रोड लंबे समय से नागरिकों की आवश्यकताओं में शामिल थीं। इन सड़कों के नवीनीकरण से स्थानीय लोगों को अब सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को प्रतिदिन की आवाजाही में राहत मिलेगी।