दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा, महिला हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के अंधे कत्ल का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

Jul 22, 2026 - 12:57
 0  2
दुर्ग में अंधे कत्ल का खुलासा, महिला हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. दुर्ग l दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के अंधे कत्ल का पुलिस ने कुछ ही घंटों में सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई। गिरफ्तार आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को मृतका के परिजन थाना पुलगांव पहुंचे और बताया कि भगवंतीन साहू 16 जुलाई की सुबह मजदूरी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। इसी दौरान पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखे शव की पहचान परिजनों ने भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटों के साथ हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही स्थानीय नागरिकों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान नितेश ठाकुर और हर्ष यादव पर संदेह गहराया।

दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। शुरुआत में वे पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के सामने उनके बयान बदल गए। इसके बाद दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे मोटरसाइकिल से घूमते हुए अलग-अलग स्थानों पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात भगवंतीन साहू से हुई। दोनों ने पैसों का लालच देकर महिला को अपने साथ चलने के लिए तैयार किया और ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास सुनसान स्थान पर ले गए।

पुलिस के अनुसार, वहां दोनों आरोपियों ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला ने विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी। इससे घबराकर आरोपियों ने उसकी हत्या करने का फैसला किया। हर्ष यादव ने पहले गमछे से महिला का गला दबाया, जबकि नितेश ठाकुर ने पास में पड़े बड़े बोल्डर पत्थर से सिर और चेहरे पर कई वार किए। बाद में हर्ष यादव ने भी पत्थर से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से पैदल निकलकर पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने घटना के समय पहने हुए कपड़े बदल दिए और उन्हें छिपा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय हर्ष यादव निवासी ग्राम पीसेगांव और 20 वर्षीय नितेश ठाकुर निवासी चंदखुरी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध प्रत्यक्ष, वैज्ञानिक और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत विवेचना अभी जारी है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।