डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय में हंगामा और मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय में बिल भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने उप अभियंता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

May 27, 2026 - 12:01
 0  0
डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय में हंगामा और मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. नेमिश अग्रवाल l राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय में शासकीय कार्य के दौरान हुए हंगामे और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार घटना 25 मई 2026 की दोपहर लगभग 3:30 बजे की है। नगर पंचायत डोंगरगांव में पदस्थ उप अभियंता कृपाराम बर्मन अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान हरिशंकर साहू नामक व्यक्ति कार्यालय पहुंचा और बिल भुगतान को लेकर विवाद करने लगा।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने कार्यालय में जमकर हंगामा किया और अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उसने उप अभियंता को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की। घटना में कृपाराम बर्मन को चोटें आईं। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

घटना के बाद पीड़ित अधिकारी ने थाना डोंगरगांव पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2) और 121(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तुरंत जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिशंकर साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 13 मटिया थाना डोंगरगांव जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शासकीय कार्यालयों में इस प्रकार की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर और प्रधान आरक्षक सुरेश राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।