धमतरी में 101.24 करोड़ के सड़क कार्यों को मंजूरी, पांच मार्गों का चौड़ीकरण-मजबूतीकरण और आमदी में बनेगा फोरलेन गौरव पथ

बरसात के बाद धमतरी जिले में सड़क निर्माण और सुधार कार्यों को गति मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग ने कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपये की लागत वाले 6 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें पांच प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यादेश जारी कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

Oct 6, 2026 - 14:56
Oct 6, 2026 - 14:57
 0  2
धमतरी में 101.24 करोड़ के सड़क कार्यों को मंजूरी, पांच मार्गों का चौड़ीकरण-मजबूतीकरण और आमदी में बनेगा फोरलेन गौरव पथ

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान  मेमन, धमतरी l बरसात के बाद जिले में सड़क निर्माण और सड़क सुधार के काम अब धरातल पर तेजी से दिखाई देने की उम्मीद है। राज्य शासन ने धमतरी जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए 6 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इन कार्यों की कुल लागत 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपये है। इनमें पांच प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन गौरव पथ के निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने इन कार्यों की निविदा मंजूर की है। धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से अनुबंध से पहले ठेकेदारों से पूरी कार्यावधि के लिए प्रभावशील एपीएस यानी Additional Performance Security की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त भी रखी गई है।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया-राष्ट्रीय राजमार्ग-30 मार्ग के 3.75 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है। वहीं पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नौ किलोमीटर लंबे छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपये और अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग के 10 किलोमीटर हिस्से के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपये की निविदा को मंजूरी दी गई है।

इसी क्रम में राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है। इसी मार्ग पर आमदी नगर पंचायत क्षेत्र में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य विभागीय मापदंडों के अनुसार कराए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा अनुबंध की शर्तों के अनुसार ही निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को सबलेट नहीं किया जाए और कार्य संपादन के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी को मान्य न किया जाए।

इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और संपर्क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से यात्रा अधिक सुगम होगी तथा लोगों के समय की भी बचत होगी। कृषि उपज, वनोपज और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी, जिससे व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

सड़क नेटवर्क के मजबूत होने से धमतरी, कुरूद, नगरी-सिहावा और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ गंगरेल, सिहावा सहित जिले के प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की आवाजाही को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं आमदी में फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण से नगर की यातायात व्यवस्था और शहरी स्वरूप में सुधार आएगा।